मडुवा खरीदने के लिए क्रय केंद्र संचालित
हल्द्वानी। जनपद के किसानों से मडुवा खरीदने के लिए क्रय केंद्र शुरू कर दिए गए हैं। जहां किसान अपना मडुवा बेंच सकते हैं। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. संदीप तिवारी ने बताया जनपद में उत्पादित मडुवे को क्रय करने के लिए सहकारिता विभाग द्वारा विकासखंड बेतालघाट में क्रय केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। किसान सहकारी समिति सचिव गणेश सिंह, सहकारी समिति सचिव चौपड़ बृजमोहन कोहली एवं हल्द्वानी सहकारी समिति सचिव पूरन चंद्र कश्मीरी से संपर्क कर मडुवे को निर्धारित केंद्रों में विक्रय कर राज्य सरकार की योजना का लाभ उठा सकते हैं। साथ ही क्रय केंद्रों पर उत्तम गुणवत्ता का मडुवा क्रय किया जाएगा। जिसका क्रय दर 35.78 रुपये प्रति किलो निर्धारित की गई। वहीं किसानों को मडुवे का भुगतान 48 घंटों में पीएफएमएस के द्वारा किया जाएगा।

