ठंड के बीच घंटों की बिजली कटौती से हुई परेशानी

अल्मोड़ा। रानीखेत में सोमवार को पूरे दिन बिजली कटौती से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ऊर्जा निगम ने रानीखेत उप संस्थान के पावर परिवर्तकों के तकनीकी ऑडिट कार्य के कारण विद्युत कटौती की घोषणा की थी। ऑडिट कार्य के चलते सुबह 10 बजे बाद नगर सहित उप संस्थान से पोषित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सात घंटे की लंबी कटौती के बाद शाम पांच बजे बाद बिजली सप्लाई सुचारू हो सकी। हालांकि इस दौरान एक-दो बार कुछ मिनटों के लिए बिजली सप्लाई बहाल भी हुई। लेकिन ठंड के मौसम में घंटों बिजली कटौती से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खराब मौसम के बीच बिजली गुल होने से लोग ठंड से ठिठुरने को भी मजबूर रहे। बिजली के अभाव में कई लोगों के मोबाइल फोन भी बंद पड़ गए। वहीं, बिजली के अभाव में तमाम जगहों लोगों के कई जरूरी कार्य नहीं हो सके। बिजली से जुड़े व्यवसायियों को भी कटौती के कारण नुकसान उठाना पड़ा। शाम बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *