आपदाओं को रोकने के उपाय की जानकारी जरूरी

रुड़की

आपदाओं को रोक पाना प्रत्यक्ष तौर पर हमारे हाथ में नहीं है लेकिन इनको रोकने के उपाय अपनाकर इनके दुष्प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है। आपदा को लेकर सतर्क और सजग रहना जरूरी है। इसके साथ आसपास के लोगों को भी सजग किया जाना चाहिए।
यह बात उत्तराखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने आईआईटी रुड़की, उन्नत भारत अभियान और क्षेत्रीय समन्वय संस्थान ने साउथ एशिया एलायंस ऑफ डिजास्टर रिसर्च इंस्टिट्यूट के सहयोग से आपदा जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम में कही। आईआईटी में आयोजित कार्यक्रम के उदघाटन सत्र में उन्होंने प्रतिभागियों को 10 से 12 फरवरी तक देहरादून में आयोजित होने वाली ग्रामीण विज्ञान कांग्रेस में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।
आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. केके पंत ने बादल फटने, जंगल में आग लगने सहित अन्य प्राकृतिक आपदाओं का उल्लेख कर इनसे बचाव के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए उन्नत भारत अभियान कार्यक्रम से जुड़े प्रतिभागी संस्थाओं को प्रशिक्षित होने की आवश्यकता पर जोर दिया।
तीनों संस्थाओं के क्षेत्रीय समन्वयक प्रो. आशीष पांडेय ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। प्रो. सुमित सेन ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। संचालन चंदा कुमारी और देबलीना रॉय ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *