सांसद खेल महोत्सव में केवी इंटर कॉलेज रहा आगे
रुड़की
हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि मोदी सरकार ने विकास के साथ ही दुनिया में देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने दावा किया कि 2024 के संसद चुनाव में भाजपा पहले से भी अधिक सीटें जीतकर तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाएगी। वह लक्सर में सांसद खेल महोत्सव में बोल रहे थे।
सांसद डॉ निशंक ने लक्सर के जमदग्नि पब्लिक स्कूल में सांसद खेल महोत्सव की शुरुआत की। कहा कि भविष्य में युवाओं के कंधों पर देश संभालने की जिम्मेदारी आएगी। इस जिम्मेदारी के लिए भाजपा अभी से युवाओं को तैयार कर रही है। कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने अभूतपूर्व काम करके दिखाए हैं। इससे पूरी दुनिया में भारत के नाम का डंका बज रहा है। दावा किया कि जल्दी ही देश को फिर से सोने की चिड़िया और विश्वगुरु के नाम से जाना जाएगा। इसके बाद उन्होंने प्रतियोगिताओं में आने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इसमें एसडीएम गोपालराम बिनवाल, नपा अध्यक्ष अमरीश गर्ग, ओमप्रकाश जमदग्नि, जितेंद्र चौधरी, मास्टर अरविंद अग्रवाल, डॉ. जयपाल चौहान, विशाल डेविड, बिजेंद्र पांचाल, अभिषेक जमदग्नि, विशनपाल कश्यप, राजवीर कश्यप, निपेंद्र चौधरी, संजीव पुंडीर, शिवम त्यागी आदि मौजूद रहे।

