गाड़ी में मारी टक्कर, विरोध पर मारपीट की

रुड़की। सैनिक कॉलोनी में गाड़ी में टक्कर मारने के बाद परिवार पर हमला किया गया। आरोप है कि एक आरोपी पिस्टल लेकर आया। इसके बाद महिला और बच्चे के सोने के जेवर छीन लिए। तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है। सैनिक कॉलोनी निवासी राजकुमार ने गंगनहर पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 22 फरवरी को उसका भांजा घर आया था। भांजे ने घर के सामने कार को पार्क किया था। पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने अपनी कार से धक्का देकर गाड़ी के दो पहियों को नाली में गिरा दिया और बोनट को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। वह आरोपी के घर गए तो उसकी मां ने पुत्र का बचाव करते हुए विवाद शुरू कर दिया। घटना के दिन रात करीब साढ़े नौ बजे के आसपास आरोपी युवक अपने साथियों के साथ उनके घर आया। घर में घुसकर परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपी के हाथ में पिस्टल थी, जबकि साथियों के पास लाठी-डंडे थे। परिवार के सदस्यों के साथ जमकर मारपीट की गई। आरोप है कि पत्नी के कान से सोने का कुंडल और पुत्र के गले से चेन छीन ली। रिवाल्वर की बट से राजकुमार पर हमला किया गया। बाद में आसपास के लोगों के आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इंस्पेक्टर ऐश्वर्य पाल ने बताया कि जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *