सामिया बिल्डर्स के खिलाफ तीन और शिकायतें आईं
रुद्रपुर। सामिया बिल्डर्स पर तीन और लोगों ने लाखों की ठगी का आरोप लगाते हुए शिकायत की है। अब तक एसआईटी को 25 शिकायती पत्र मिल चुके हैं। शुक्रवार को खटीमा निवासी तीन लोग एसएसपी कार्यालय पहुंचे और एसआईटी को शिकायती पत्र सौंपे। खीमनाथ गोस्वामी ने बताया कि उन्होंने काशीपुर रोड रुद्रपुर स्थित सामिया लेक सिटी में वर्ष 2012 में 12 लाख रुपये देकर फ्लैट खरीदा था। इस पर अब तक कब्जा नहीं दिया गया। देव सिंह खोलिया ने बताया कि उन्होंने भी सामिया लेक सिटी में 12 लाख रुपये देकर फ्लैट बुक कराया था, जो आज तक नहीं मिला है। जगत सिंह ने बताया कि वर्ष 2010 में फ्लैट लेने के लिए उन्होंने सामिया बिल्डर्स को चार लाख रुपये दिए थे। रजिस्ट्री कराने का दबाव बनाने पर टालमटोल किया जा रहा है। सभी ने सामिया बिल्डर्स पर कार्रवाई की मांग की है।
