डीएम ने ली जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक

नई टिहरी। डीएम मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। सड़क सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए डीएम ने सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित व ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। गुरुवार को कलक्ट्रेट में आयोजित बैठक में सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने एवं सुव्यवस्थित यातायात के लिए डीएम दीक्षित ने बिना हेलमेट सवारी, बिना सीट बेल्ट सवारी, एल्कोहल, टू-व्हीलर पर तीन सवारी आदि लापरवाहियों को लेकर जनपद के समस्त एसडीएम एवं एआरटीओ को संयुक्त कार्ययोजना बनाकर जांच कर उचित कार्यवाही के निर्देश दिए। एनएच-58 पर मशीन बढ़ाकर सारा मलबा हटाने, चन्द्रभागा से ब्रहमपुरी तक 15 दिन के अन्दर क्रेश बैरियर लगाने, टू-व्हीलर में हेलमेट को शतप्रतिशत लागू करने के निर्देश दिए। मोटर मार्गों से संबंधित अधिकारियों को सड़क पर झाड़ी कटान में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को भी शामिल करते हुए तेजी से कार्य करने को कहा। जिन प्रकरणों में मजिस्ट्रीयल जांच बाकी है, उनमें तत्काल जांच करते हुए संबंधित को आर्थिक सहायता देना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खाड़ी में पड़े मलबे से वाहन संचालन में हो रही दिक्कतों को दूर करने के लिए बीआरओ नागणी को कार्यवाही को कहा। जनपद क्षेत्रान्तर्गत स्थित मोटर मार्गों पर पैरापिट, क्रेश बेरियर, थर्मोप्लास्ट पेंट, पैच वर्क, ब्लैक स्पॉट स्थलों पर कार्य प्रगति, चारधाम पर किये गये कार्यों की प्रगतिआख्या की जानकारी ली। एआरटीओ सत्येन्द्र राज ने जनपद में स्थित ब्लैक स्पॉट के सुधारीकरण की स्थिति व दुर्घटना संभावित स्थलों पर किये गये कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकादी दी। बैठक में एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, एसीएमओ एलडी सेमवाल, ईई लोनिवि योगेश कुमार, एसडीएम संदीप कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *