सीएम धामी ने शुक्लापुर जाकर हैस्कों के कार्यों को सराहा

देहरादून

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को शुक्लापुर में हैस्को संस्थापक पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी द्वारा हैस्को के माध्यम से की जा रही वाटर रिचार्जिं मॉडल, घराट, किसान बैंक, कम्पोस्ट पिट, फल एवं खाद्य प्रसंस्करण इकाई, कम लागत में बने पुल, ऊर्जा के प्रयोगों में स्टीम स्टोव, बायो गैस, पाईरोलाइजर, सोलर ड्रायर, सोलर गीजर, रुरल गीजर, लैंटाना के उत्पादों समेत विभिन्न गतिविधियों को देखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरणविद् एवं समाजसेवी डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने जल संचय, प्रकृति के संवर्द्धन के लिए सराहनीय कार्य किये हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की आर्थिक गतिविधयों को बढ़ाने की दिशा में उनके द्वारा अच्छे प्रयास किये गये हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की आजीविका बढ़ाने के लिए उनके द्वारा किये गये प्रयोग काफी सहायक सिद्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की आजीविका बढ़ाने के लिए स्वरोजगार पर विशेष ध्यान दे रही है। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ ही उनकी ब्राडिंग, पैकेजिंग एवं मार्केटिंग पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। प्रत्येक जनपदों में अलग-अलग उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य चल रहे हैं। उत्तराखंड में अनेक प्राकृतिक सम्पदाएं हैं। राज्य सरकार लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों में अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। ग्रामीण आर्थिकी को बढ़ावा देने के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने के लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। इस अवसर पर पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने ग्रामीण आर्थिकी को बढ़ावा देने एवं जल संचय एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए सुझाव दिये। उन्होंने हैस्को के कार्यों के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी। मौके पर दो सौ से अधिक स्थानीय ग्रामीणों ने परम्परागत ढोल दमौं, गाजे बाजे व फूलमालाओं से सीएम का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *