बहन से छेड़छाड़ के विरोध में भाई की कनपटी पर तमंचा ताना
रुड़की
सिविल लाइंस कोतवाली को एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि पुत्री के साथ तीन युवकों ने छेड़छाड़ कर दी थी। घर आकर पुत्री ने परिजनों से इसकी शिकायत की थी। पुत्री से छेड़छाड़ के विरोध में पुत्र उन तीनों युवकों से बातचीत करने गया था। लेकिन उक्त युवकों ने पुत्र की कनपटी पर तमंचा तान दिया और मारपीट कर घायल कर दिया। इस दौरान फोन छीन कर उसे तोड़ दिया और स्कूटी की डिग्गी से आठ हजार रुपये की रकम भी उठा ली। आरोप है कि पुत्र से मारपीट कर सोने की चेन भी छीन ली। पुलिस शिकायत करने पर पुत्र को जान से मारने की धमकी दी और आरोपी तमंचा लहराते हुए घटनास्थल से फरार हो गए। इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मनीष कश्यप, विष्णु वर्मा और राहुल कश्यप निवासी रुड़की के खिलाफ छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। सोत बी चौकी प्रभारी संजय सिंह नेगी को मामले की जांच सौंपी गई है।
