अरुण ताकते रह गए, कविता दीदी राज्यसभा जा रही
भोपाल,
भाजपा द्वारा राज्यसभा के लिए कविता पाटीदार का नाम तय होते ही भाजपा सोशल मीडिया पर कांग्रेस पर हमलावर हो गई है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने ट्वीट किया कि फर्क साफ है …उनके अरुण यादव जी ताकते ही रहे और हमारी कविता पाटीदार दीदी राज्यसभा जा रही हैं।वहीं भाजपा प्रवक्ता डॉ. हितेश वाजपेयी ने हमला बोलते हुए कहा कि ओबीसी विरोधी कांग्रेस ने ओबीसी नेता अरुण यादव की पीठ में फिर छुरा नहीं धोंपा? जवाब दें कमलनाथ कि उन्होंने ओबीसी वर्ग के साथ राज्यसभा में अन्याय क्यों किया। बधाई कविता पाटीदार… और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा आपने पिछड़ा वर्ग को सम्मान व स्थान दिया। वहीं प्रवक्ता आशीष अग्रवाल ने ट्वीट कर कहा कि भाजपा ओबीसी को राज्यसभा भेजेगी और कांग्रेस ओबीसी विरोधी को। यही फर्क भाजपा और कांग्रेस की कथनी और करनी में है। महिला मोर्चा की प्रदेश मीडिया प्रभारी नेहा बग्गा ने कहा कि मातृशक्ति को सशक्त कर उन्हें विकास में मुख्य भागीदार बनाने के लिए मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा ने सदैव संकल्पित भाव से काम किया है। केंद्रीय नेतृत्व व प्रदेश नेतृत्व का हृदय से आभार।
अनिल पुरोहित/अशफाक
