आंदोलनरत सभासदों को मिला नारी शक्ति का साथ

पिथौरागढ़

नगरपालिका के आवंटित भवनों में हो रहे अवैध निर्माण को लेकर धरने पर बैठे सभासदों को भले ही प्रशासन का साथ नहीं मिला हो, लेकिन आम नागरिक सभासदों के समर्थन में सड़क पर उतर आए हैं। स्थानीय महिलाओं ने सभासदों को समर्थन देते हुए धरना दिया और प्रशासन से जांच की मांग की। शुक्रवार को नगरपालिका में सभासदों का धरना 39वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान उन्होंने प्रशासन और नगरपालिका पर अतिक्रमणकारियों को बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा जिपं कार्यालय के समीप (जंजाली मार्केट) और देव सिंह मैदान के समीप आवंटित दुकानों में खुलेआम अवैध निर्माण का कार्य चल रहा है। बावजूद इसके प्रशासन इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रहा है। बाद में कई लोग धरना स्थल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा व्यावसायिक भवनों को अनुबंध की शर्त पर नगरपालिका ने किराए पर दिए हैं। नियम विरुद्ध उन पर अवैध तरीके से निर्माण कराना सरासर गलत है। सभासदों की मांग बिल्कुल जायज है, प्रशासन को मामले में गंभीरता दिखाते हुए सच सामने लाना चाहिए। धरना देने वालो में सभासद कमल कुमार पांडेय, नीरज कुमार, किशन सिंह खड़ायत, रवींद्र सिंह बिष्ट, सरस्वती मखौलिया, भावना नगरकोटी, पूर्व सभासद चंद्रशेखर मखौलिया मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *