कैडेटों ने रैली निकालकर दिया जल संरक्षण का संदेश

रुड़की

आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मन्दिर में एनसीसी कैडेटों ने जल संरक्षण कार्यक्रम में कविता पाठ, गीत, भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया। जल संरक्षण के लिए जागरूकता रैली निकाली। आसफनगर, मोहनपुरा, ग्रीनपार्क कालोनी, साउथ सिविल लाइंस से होती हुई जागरूकता रैली विद्यालय प्रांगण में आकर सम्पन्न हुई। जल संरक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए 84 बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल राजेन्द्र सिंह ने कहा कि देशी-विदेशी सैलानी भारत की सांस्कृतिक विरासत, संस्कृति व संस्कारों को जानने के लिए देश का भ्रमण करते हैं। इसलिए हम सब भारतवासियों का कर्तव्य है कि अपने देश को स्वच्छ और सुन्दर बनाने में अपना विशेष सहयोग दें। जिसके लिए आवश्यक है कि युवा जल संरक्षण, जल संचय, साफ व स्वच्छ जल की उपयोगिता आदि के माध्यम से जल संचय हेतु जनजागरण कर लोगों को प्रेरित करें। दूषित पानी से होने वाली बीमारियों के बारे में जागरुक करें। प्रधानाचार्य अमरदीप सिंह ने कहा कि जल ही जीवन है और जीवन के लिए स्वच्छ जल अनिवार्य है। यह जरूरी हो गया है कि लोगों को जलाशयों, नदियों एवं तालाबों की देखभाल एवं रख-रखाव पर ध्यान देना होगा। इसलिए एनसीसी कैडेटों का यह कर्तव्य है कि गांव-गांव, घर-घर जाकर लोगों को जल बचाने वर्षा का जल संचय करना, नदी, तालाबों को सुरक्षित रखने हेतु जागरूक करें। उपप्रधानाचार्य मोहन सिंह मटियानी, कलीराम भट्ट, आशुतोष शर्मा, जसवीर सिंह, आनन्द कुमार ने भी विचार रखे। कार्यक्रम आयोजन में 84 बटालियन के कार्यालय अधीक्षक रवि कपूर, कैप्टन विशाल शर्मा, एनसीसी अधिकारी नीरज नौटियाल, कैडेट प्रियांशु कुश, आर्यन राठी, कार्तिक शर्मा, आदित्य भाटिया, आयुषी मलिक, आयुषी सिंह, अंकिता, भूमिका, वैष्णवी, पलक, श्रृष्टि खन्ना आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *