डीएम ने चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं , 35 शिकायतें  दर्ज

विकासनगर

सुराज दिवस पर पछुवादून की ग्राम पंचायत केदारावाला में जिलाधिकारी सोनिका ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। चौपाल में डीएम के सामने 35 शिकायतें दर्ज की गईं। सभी शिकायतों का निर्धारित समय में निस्तारण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। इस दौरान कई अधिकारियों को आधी अधूरी जानकारी पर डीएम सोनिका ने नाराजगी जाहिर करते हुए पूरी जानकारी के साथ ही इस तरह के कार्यक्रमों में आने के निर्देश दिए।
चौपाल में प्रमुख तौर टाइल रोड निर्माण, जल निकासी, शिक्षा, लांघा रोड नाले को भूमिगत करवाने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनवाने, शीतला नदी किनारे कृषि भूमि कटाव से बचाव हेतु पुस्ता निर्माण, ट्रांसफार्मर शिफ्ट कराने, शौचालय निर्माण, भूमि उत्तराधिकारिओं के नाम दर्ज कराने, ग्राम समाज की भूमि से अतिक्रमण हटवाने, विद्युत कनेक्शन दिलवाने, आंगनबाड़ी केंद्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं के रिक्त पद भरने की शिकायतें दर्ज की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारी को निर्देशित किया कि चौपाल में प्राप्त हुई शिकायतों का निस्तारण करते हुए शिकायतकर्ता को सूचित कर डीएम कार्यालय को कार्यवाही से अवगत कराया जाए। उन्होंने अविवादित विरासत को संबंधित उत्तराधिकारियों के नाम दर्ज करने हेतु गांव में शिविर लगाने के निर्देश राजस्व विभाग के अधिकारियों को दिए। शीतला नदी के किनारे कृषि भूमि कटाव की शिकायत पर जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को मौका मुआयना करते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने दूरभाष पर जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि संबंधित के अभिलेख प्राप्त करते हुए नियमानुसार पेंशन की सुविधा दी जाए। अतिक्रमण की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को मौका मुआयना करते हुए आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान थानाध्यक्ष गिरीश नेगी, बीडीओ आतिया परवेज, ग्राम प्रधान तबस्सुम, क्षेत्र पंचायत सदस्य दरबान सिंह असवाल, पूर्व प्रधान इमरान खान, गुलफाम आदि मौजूद रहे।
चौपाल के दौरान ग्राम समाज और बोक्सा जनजाति को आवंटित पट्टों की जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत के दौरान शिकायतकर्ता और अधिकारियों में तीखी नोकझोंक हुई। शिकायतकर्ता प्रेम सिंह रावत ने कहा कि एक समुदाय की बस्ती के सामने दूसरे समुदाय के लोगों ने ग्राम समाज की जमीन पर अतिक्रमण कर धार्मिक क्रिया कलाप संपन्न करने और अंतिम संस्कार स्थल बना दिया है। जिसके कारण समुदाय विशेष के लोगों के सार्वजनिक रास्ते को भी जबरन बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही बोक्सा जनजाति को आवंटित पट्टों की जमीन पर भी अतिक्रमण किया गया। शिकायत का जवाब देने आए राजस्व विभाग के अधिकारी और शिकायतकर्ता के बीच करीब पंद्रह मिनट तक तीखी नोक झोंक होती रही। पुलिस कर्मियों ने समझा बुझा कर मामला शांत किया।
राजकीय इंटर कॉलेज केदारावाला की छात्राएं भी अपनी फरियाद लेकर चौपाल में पहुंची थी। छात्राओं ने डीएम से गुहार लगाते हुए कहा कि उनके विद्यालय में कला विषय स्वीकृत कराने के साथ ही जीव विज्ञान और वनस्पति विज्ञान के शिक्षकों की तैनाती करवा दीजिए, जिससे कि हमें गांव के विद्यालय में ही गुणवत्तापरक शिक्षा मुहैया हो सके।
चौपाल समाप्त होने के बाद डीएम सोनिका महिलाओं से बातचीत करने गांव में पहुंची। उन्होंने महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उनकी परेशानियों को भी जाना। इस दौरान डीएम ने एक साधारण महिला की तरह बड़ी सादगी और अपनत्व से महिलाओं से बात की। डीएम की सादगी से ग्रामीण महिलाएं भी उनसे खुलकर अपनी समस्याओं को लेकर बात करने लगी। इसके बाद उन्होंने दिव्यांग पंकज के घर पर जाकर उसका हालचाल जाना और हर संभव सरकारी सहायता मुहैया कराने का आश्वासन दिया। अन्य कई ग्रामीणों से मिलकर भी मूलभूत सुविधाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *